सुल्तानपुर। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) 2026 में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को बसों के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। रोडवेज 25, 30 अक्तूबर और 1 नवंबर को होने वाली परीक्षा के मद्देनजर अतिरिक्त बसें चलाएगा। परीक्षा शुरू होने से तीन घंटे पहले और समाप्ति के तुरंत बाद यात्रियों की भीड़ के अनुसार अतिरिक्त फेरे लगेंगे।
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से यह परीक्षा आयोजित की जा रही है। स्टेशन इंचार्ज नान्हूराम सरोज ने बताया कि जिले के अभ्यर्थियों के परीक्षा केंद्र लखीमपुर खीरी, मुरादाबाद, फिरोजाबाद, बरेली, प्रतापगढ़, लखनऊ, सीतापुर, अयोध्या और प्रयागराज गए हैं। अभ्यर्थियों को केंद्र तक जाने में दिक्कत न हो, इसके लिए बसों के संचालन की व्यवस्था की गई है। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक सुरेश चंद्र यादव ने बताया कि निगम की बसों के साथ अनुबंधित बसों के लिए भी अतिरिक्त चालकों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। आवश्यकता पड़ने पर दूसरे मार्गों पर भी बसें भेजी जाएंगी।
सहायता केंद्र होगा संचालित यात्रियों की सुविधा के लिए बस स्टेशन पर पूछताछ कक्ष और पेयजल की सुविधाएं 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी। शनिवार दोपहर से 2 नवंबर की सुबह तक सहायता केंद्र संचालित होगा। कर्मचारियों के सामान्य अवकाश निरस्त कर दिए गए हैं।