सुल्तानपुर। बीएसए कार्यालय पर शुक्रवार को जिला स्तरीय रसोइया पाक कला प्रतियोगिता हुई। इसमें जिले के सभी ब्लॉकों की 30 रसोइयों ने हिस्सा लिया। दूबेपुर ब्लॉक अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय अलीगढ़ की रसोइया रेखा विजेता बनीं।
बल्दीराय ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय तुलसीराम की रसोइया आरती दूसरे व पीपी कमैचा ब्लॉक के कंपोजिट विद्यालय कुबेरशाहपट्टी की रेखा देवी तीसरे स्थान पर रहीं। सीडीओ ने विजेताओं को चेक व प्रशस्ति-पत्र देकर पुरस्कृत किया।
पाक प्रतियोगिता में रसोइयों ने सब्जी, चावल व पूड़ी पकाई। सभी को भोजन बनाने के लिए 45 मिनट दिया गया था। निर्णायक मंडल में एडीआईओएस जटाशंकर यादव, प्रधानाचार्या केश कुमारी जीजीआईसी पल्लवी सिंह, प्रवक्ता गृह विज्ञान चारुल गुप्ता, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अनीता सिंह, अभिहित अधिकारी डॉ़ अभय प्रताप सिंह व चीफ कुक दीपक शामिल रहे।
सीडीओ अंकुर कौशिक ने प्रथम विजेता को 3500 रुपये, द्वितीय विजेता को 2500 व तृतीय विजेता को 1500 सौ रुपये का चेक प्रदान किया। सभी प्रतिभागियों को 300 रुपये यात्रा भत्ता व सांत्वना पुरस्कार के रूप में 300 रुपये दिए गए।
इस दौरान बीएसए दीपिका चतुर्वेदी, लेखाधिकारी अमित मोहन मिश्रा, बीईओ राम तीरथ वर्मा, बीईओ बलदेव प्रसाद यादव, बीईओ उदय राज मौर्य, बीईओ अजय कुमार सिंह व बीईओ श्याम बिहारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में डीसी ज्ञान प्रकाश वर्मा, डीसी अनुराग शर्मा, डीसी हरिशंकर व डीसी श्याम यादव ने सहयोग दिया। कार्यक्रम संयोजक डीसी एमडीएम संदीप यादव रहे।