अखंडनगर। खानपुर पिलाई निवासी किसान उमाशंकर दुबे का शव बुधवार रात पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचा। बृहस्पतिवार सुबह परिजनों ने पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने व अन्य मांगों के साथ शव के अंतिम संस्कार से इन्कार कर दिया। घर के बाहर शव को रखकर बैठ गए।
सदर जयसिंहपुर विधायक राज प्रसाद उपाध्याय, कादीपुर विधायक राजेश गौतम व सीओ कादीपुर विनय गौतम मौके पर पहुंचे। परिजनों ने उन्हें मांग पत्र दिया। जनप्रतिनिधियों ने पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक से वार्ता की। एसपी के कार्रवाई के आश्वासन के बाद घर वालों ने शव का अंतिम संस्कार किया।
मंगलवार दोपहर बाद खानपुर पिलाई निवासी किसान उमाशंकर दुबे की विपक्षियों ने लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। नाराज परिजनों ने अखंडनगर बाजार में मार्ग जाम कर दिया था। मृतक के पुत्र दिलीप की तहरीर पर आशीष, विवेक व अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया गया। हत्यारोपी आशीष और विवेक को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। पोस्टमार्टम के बाद बुधवार रात उमाशंकर का शव घर पहुंचा तो परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
बृहस्पतिवार सुबह परिजनों ने आरोप लगाया कि जब केस दर्ज कराने के लिए अखंडनगर थाने पर पहुंचे तो वहां पर मौजूद बेलवाई चौकी इंचार्ज, अखंडनगर थानाध्यक्ष व अन्य पुलिस कर्मियों ने मारा-पीटा। पुलिस ने परिजनों को थाने से भगाने का प्रयास किया। अंतिम संस्कार न करने की जानकारी मिलने के बाद कादीपुर सीओ विनय गौतम, विधायक जयसिंहपुर राज प्रसाद उपाध्याय व कादीपुर विधायक राजेश गौतम घटनास्थल पर पहुंच गए।
विधायक कादीपुर और जयसिंहपुर विधायक ने पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह से वार्ता की। एसपी ने प्रकरण की जांच कर निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया। परिजनों ने घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी, आर्थिक सहायता व कृषि योग्य भूमि का पट्टा दिलाने की मांग की। जनप्रतिनिधियों व सीओ कादीपुर विनय गौतम ने परिजनों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। दोपहर करीब 12 बजे के बाद गांव में शव का अंतिम संस्कार किया गया। मृतक के पुत्र दिलीप ने शव को मुखाग्नि दी।
पीएम रिपोर्ट में मिले शरीर पर चोट के निशान
सीओ कादीपुर विनय गौतम ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई है। रिपोर्ट में हृदय गति रुकने के साथ ही मृतक के शरीर पर चोट के कई निशान मिलने की बात सामने आई है। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है। वारदात में शामिल अन्य लोगों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।