सुल्तानपुर। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग में रिक्त चल रहे आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के 119 पदों पर संविदा पर भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके लिए चार अगस्त तक विभागीय वेबसाइट पर आवेदन हो सकेंगे। इन पदों पर सामान्य के लिए 75, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 28 व अनुसूचित जाति जनजाति के लिए 16 पद आरक्षित किए गए हैं।
आवेदकों की न्यूनतम शैक्षिक योग्यता इंटरमीडिएट निर्धारित की गई है। भर्ती में परित्यक्ता, विधवा, दिव्यांग, तलाकशुदा, गरीबी रेखा के नीचे जीवनयापन करने वाली महिलाओं को वरीयता मिलेगी। जिला कार्यक्रम अधिकारी शरद कुमार त्रिपाठी ने बताया कि सीधी भर्ती में एमए तक की शिक्षा के आधार पर मेरिट तैयार की जाएगी। इसी के आधार पर 18 से 35 वर्ष तक की महिलाओं की नियुक्ति की जाएगी। आवेदक को उसी गांव या वार्ड का निवासी होना आवश्यक है। आवेदन में जाति, निवास, आय प्रमाणपत्र, शैक्षिक योग्यता प्रमाणपत्र, फोटो लगाना आवश्यक है। मेरिट के आधार पर चयनित अभ्यर्थियों का बाद में साक्षात्कार लिया जाएगा। डीपीओ ने बताया कि आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है।