अमेठी। विशेष टीकाकरण अभियान के दौरान बिना स्वीकृत अवकाश अनुपस्थित रहना पीएचसी सैंठा में तैनात स्वास्थ्य पर्यवेक्षक (महिला) को भारी पड़ी।
औचक निरीक्षण के दौरान लापरवाही सामने आने से नाराज संयुक्त जिला अस्पताल के अधीक्षक ने स्वास्थ्य पर्यवेक्षक के निलंबन व विभागीय कार्रवाई की संस्तुति सीएमओ को भेजने के साथ ही जवाब-तलब किया है।
शासन के निर्देश पर इन दिनों जिले के गौरीगंज, फुरसतगंज, जामो, सिंहपुर व तिलोई सीएचसी व पीएचसी क्षेत्र में विशेष टीकाकरण कार्यक्रम संचालित हो रहा है।
टीकाकरण की हकीकत जांचने के लिए शनिवार को संयुक्त जिला अस्पताल (सीएचसी असैदापुर) के अधीक्षक डॉ. आरके सक्सेना ने सैंठा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत उपकेंद्र सकरावां व गुजरन का पुरवा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान महिला स्वास्थ्य पर्यवेक्षक राजकुमारी बिना स्वीकृत अवकाश के अनुपस्थित मिलीं।
इतना ही नहीं टीकाकरण कार्यक्रम में भी उनकी ओर से गंभीर लापरवाही बरतने की बात प्रकाश में आई। बिना स्वीकृत अवकाश के स्वास्थ्य पर्यवेक्षक के नदारद रहने व टीककारण कार्यक्रम में लापरवाही बरतने से नाराज अधीक्षक ने पूरे मामले की रिपोर्ट सीएमओ डॉ. राजेश मोहन श्रीवास्तव को भेजते हुए स्वास्थ्य पर्यवेक्षक को निलंबित करने के साथ ही विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की है।
अधीक्षक ने स्वास्थ्य पर्यवेक्षक को नोटिस जारी कर तीन दिन में अपना लिखित स्पष्टीकरण देने के साथ विशेष टीकाकरण कार्यक्रम के के लक्ष्य को पूरा करने का निर्देश दिया है। अधीक्षक की कार्रवाई सार्वजनिक होने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।