गौरीगंज। संचारी रोग पखवारा में रूचि नहीं लेना, बिना अनुमति नदारद रहना तथा मुख्यालय पर निवास नहीं करना जिला मलेरिया अधिकारी को भारी पड़ गया। नाराज सीएमओ ने डीएमओ के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए शासन के साथ ही निदेशक संचारी रोग को संस्तुति सहित पत्र भेजा है।
पिछले दिनों जगदीशपुर में तीन लोगों में डेंगू के लक्षण पाए गए थे। सूचना मिलते ही सीएमओ डॉ. आरएम श्रीवास्तव ने संबंधित अस्पताल के अधीक्षक व जिला मलेरिया अधिकारी भिखुल्लाह को गांव पहुंचकर लार्बीं लाइडल दवाओं का छिड़काव तथा फागिंग कराने का निर्देश दिया था।
सीएमओ ने ऐसे मरीज के घर के आसपास रहने वालों की भी जांच करने के साथ ही सफाई व्यवस्था दुुरूस्त कराते हुए आवश्यक दवाओं का वितरण कराने का भी निर्देश दिया था।
डेंगू का लक्षण मिलने वाले मरीजों के खून का नमूना लेकर जांच के लिए रीजनल लैब संचारी रोग चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा को भेजा गया था।
शुक्रवार देर शाम महानिदेशालय से आई रिपोर्ट में इंडोगल्फ एरिया जगदीशपुर निवासी सुजीत कुमार मिश्र (30) की जांच में डेंगू होने की पुष्टि हुई है। शनिवार सुबह जब सीएमओ डॉ. आरएम श्रीवास्तव ने डीएमओ को बुलाया तो पता चला कि वह अनुपस्थित हैं।
हालांकि सीएमओ ने एसीएमओ संचारी रोग राम प्रसाद को तत्काल गांव भेजकर मरीज की स्थिति जांचने का निर्देश दिया। नाराज सीएमओ ने डीएमओ के खिलाफ कठोर कार्रवाई के लिए शासन के साथ ही निदेशक संचारी रोग को संस्तुति सहित पत्र भेजा है। पत्र में संचारी रोग कार्यक्रम में रूचि नहीं लेने, बिना अनुमति आए दिन नदारद रहने तथा मुख्यालय पर निवास नहीं करने सहित कई आरोप लगाए गए हैं।