सुल्तानपुर। जयसिंहपुर डाकखाना के पास बृहस्पतिवार शाम बाइक सवार राजगीर को तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद दिया। स्थानीय लोगों ने राजगीर को सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना के बाद पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया, जबकि चालक फरार हो गया।
गोसाईगंज थाना क्षेत्र के पूरे लाल शाह गुरेगांव निवासी धर्मेंद्र कुमार (30) पुत्र रामप्यारे राजगीर था। बृहस्पतिवार सुबह धर्मेंद्र बाइक से काम करने महरुआ गया था। शाम को धर्मेंद्र घर लौट रहा था। रास्ते में जयसिंहपुर क्षेत्र के डाकखाना के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उसे रौंद दिया। घायल धर्मेंद्र को स्थानीय लोगों ने सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने ट्रक कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जबकि ट्रक का चालक मौके से भाग निकला। धर्मेंद्र के परिवार में पत्नी पूनम के साथ ही चार बच्चे हैं। बच्चों में अंशू (7), अंश (6), अनामिका (4), हैप्पी (3) हैं। धर्मेंद्र की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।