सुल्तानपुर रेलवे स्टेशन । -संवाद
सुल्तानपुर। केंद्र सरकार की ओर से अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत सुल्तानपुर रेलवे स्टेशन का भी चयन किया गया है। इसके कायाकल्प के लिए केंद्र सरकार ने 36.9 करोड़ रुपये का बजट भी स्वीकृत किया है। इससे रेलवे स्टेशन के चारों प्लेटफार्म पर यात्री सुविधाओं का विस्तार (यात्री शेड का निर्माण, जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार, टिकट विंडो समेत अन्य कार्य) व सर्कुलेटिंग एरिया में कई महत्वपूर्ण कार्य कराए जाएंगे। इससे रेल यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी।
वर्ष 2009 के दौरान मॉडल स्टेशन की श्रेणी में शुमार सुल्तानपुर रेलवे स्टेशन का चयन अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत कायाकल्प के लिए किया जा चुका है। इसमें रेलवे स्टेशन के नवीनीकरण व आधुनिकीकरण के लिए 36.9 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत हुआ है। इससे प्लेटफार्म चार की तरफ यूटीएस काउंटर और टू-व्हीलर पार्किंग बनेगी।
लखनऊ छोर की ओर फुट ओवरब्रिज प्लेटफार्म चार तक बढ़ाया जाना है। प्लेटफार्म एक के अलावा दो, तीन व चार पर एस्केलेटर भी बनाने की योजना है। प्लेटफार्म दो व तीन पर एक और लिफ्ट स्थापित कराई जाएगी। प्रवेश द्वार पर फव्वारा बनेगा। प्लेटफार्म नंबर एक पर एग्जीक्यूटिव लाउंज एवं वेटिंग हॉल व टॉयलेट बनेगा।
प्लेटफार्म संख्या एक के पास सर्कुलेटिंग एरिया के 3500 वर्गमीटर में सुधार होगा। दक्षिणी फुट ओवरब्रिज की सीढ़ियों व ब्रिज पर एक से लेकर प्लेटफार्म नंबर चार तक ग्रेनाइट से फर्श बनेगी। सभी प्लेटफार्मों पर शेल्टर बनेंगे। समग्र यात्री सूचना प्रणाली के तहत कोच गाइडेंस बोर्ड, ट्रेन इंडिकेशन बोर्ड, फुट ओवरब्रिज पर ट्रेन एट ए ग्लांस बोर्ड, डिजिटल जीपीएस घड़ी व यात्री उद्घोषणा प्रणाली भी स्थापित होगी। पीएम नरेंद्र मोदी छह अगस्त को इसी कार्य का वर्चुअली शिलान्यास करेंगे।
शिलान्यास के साथ ही शुरू होगा आधुनिकीकरण कार्य
शिलान्यास के साथ ही स्टेशन के आधुनिकीकरण का काम शुरू कर दिया जाएगा। छह अगस्त को स्टेशन पर अन्य कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
- बीएस मीना, स्टेशन अधीक्षक, सुल्तानपुर