सुल्तानपुर। मेडिकल कॉलेज के पुरुष अस्पताल में बृहस्पतिवार को एक भाजपा नेता व चिकित्सक के बीच हुई अभद्रता का मामला गरमा गया है। भाजयुमो नेता ने चिकित्सक को आरोपी करार देते हुए कोतवाली नगर में तहरीर दी। हालांकि पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज नहीं किया है। माना जा रहा है कि सोमवार से यह मामला और तूल पकड़ सकता है।
बृहस्पतिवार को अपनी पत्नी के शस्त्र लाइसेंस के लिए रिपोर्ट लगवाने मेडिकल कॉलेज पहुंचे भाजयुमो जिला मंत्री से डॉ. अनिल कुमार का वाद-विवाद हो गया था। चिकित्सक ने अभद्रता का आरोप लगाया तो सारी ओपीडी बंद हो गई और पूरा स्टाफ हड़ताल पर चला गया।
इसके बाद डॉ. अनिल कुमार ने कोतवाली नगर में भाजयुमाे जिला मंत्री शौर्यवर्धन सिंह समेत 10 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया था। बृहस्पतिवार को ही भाजपा के जिला स्तर के नेताओं की बैठक हुई थी। शुक्रवार को भी हुई बैठक के बाद वरिष्ठ नेताओं की अनुमति मिलने के बाद भाजयुमो जिला मंत्री शौर्यवर्धन सिंह ने भी जिलाध्यक्ष चंदन नारायण सिंह समेत अन्य के साथ कोतवाली नगर पहुंचकर डॉ. अनिल कुमार के खिलाफ मारपीट, मोबाइल छिनैती आदि के आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
उधर, इस विवाद से जुड़े डॉ. अनिल एक कोर्ट एवीडेंस के लिए चित्रकूट गए हुए थे। माना जा रहा है कि वे सोमवार को आएंगे तो डॉक्टर भाजयुमो नेता की गिरफ्तारी की मांग उठा सकते हैं। इस मामले में कोतवाली निरीक्षक राम आशीष उपाध्याय ने बताया कि तहरीर मिली है किंतु अभी केस दर्ज नहीं किया गया है। मामले में छानबीन की जा रही है।