सुल्तानपुर स्टेशन यार्ड से गुजरी पाइप लाइन शुक्रवार को अचानक क्षतिग्रस्त हो गई। इससे हजारों लीटर पानी रेल ट्रैक पर भर गया। वाटर लाइन की सप्लाई न मिलने से रेलवे कॉलोनी के लोगों के समक्ष पेयजल की समस्या खड़ी हो गई। रेलवे कॉलोनी के लोगों ने वाटर सेक्शन के अधिकारियों से शिकायत की लेकिन शनिवार को दूसरे दिन भी पाइप लाइन को जोड़ा नहीं गया।
रेेलवे स्टेशन यार्ड से गुजरी वाटर सप्लाई लाइन शुक्रवार दोपहर अचानक क्षतिग्रस्त हो गई। पाइप के टूटने से रेलवे लाइन तीन व चार के बीच जलभराव हो गया। उधर, सप्लाई लाइन से पानी न मिलने के कारण पूर्वी व पश्चिमी रेलवे कॉलोनी में निवास करने वाले कर्मचारियों के परिवारों के समक्ष पेयजल का संकट खड़ा हो गया। स्टेशन यार्ड पर लगी कई टोटियों में भी सप्लाई ठप हो गई।
प्लेटफार्म नंबर दो और तीन पर स्थापित कई टोटियों तक पानी नहीं पहुंचा। रेलवे स्टेशन की पूर्वी कॉलोनी में तकरीबन 100 से अधिक कर्मचारियों के आवास हैं। पानी न मिलने से लोगों को गर्मी में पेयजल की व्यवस्था के लिए हैंडपंपों का सहारा लेना पड़ा। पूरी रात क्षतिग्रस्त पाइप से पानी बहता रहा, लेकिन रेलवे विभाग के अधिकारियों ने पाइप को ठीक करने का प्रबंध नहीं किया।
रेलवे कॉलोनी के लोगों ने शनिवार को भी वाटर सेक्शन के अधिकारियों के समक्ष शिकायत दर्ज कराई। दोपहर तक वाटर लाइन को ठीक करने के लिए विभाग की ओर से कोई प्रयास नहीं किया गया। इस वजह से दूसरे दिन भी रेल कर्मियों के परिवारों को पेयजल की समस्या से दो चार होना पड़ा। दोपहर बाद वाटर सेक्शन की ओर से कर्मियों को मौके पर भेजा गया। देर शाम तक पाइप लाइन की मरम्मत का कार्य चलता रहा।
कॉमन लाइन टूटने से रिसाव