कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी 20 अप्रैल को अमेठी आएंगे। एक दिवसीय दौरे पर अमेठी आ रहे सांसद न सिर्फ शहर से सटे एक कॉलेज में चार दिवसीय कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ करेंगे बल्कि भादर गांव जाकर बीते दिनों सड़क दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिवार को ढांढस भी बंधाएंगे।
अमेठी सांसद राहुल गांधी 20 अप्रैल को एक दिवसीय दौरे पर अमेठी आ रहे हैं। कांग्रेस के जिला प्रवक्ता अनिल सिंह ने बताया कि एक दिवसीय दौर पर अमेठी आ रहे राहुल गांधी सबसे पहले शहर से सटे निर्मला इंस्टीट्यूट ऑफ वूमेन एजुकेशन में आयोजित चार दिवसीय कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद सांसद बीते दिनों सड़क दुर्घटना में मारे गए भादर ब्लॉक के पूर्व अध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह व दो अन्य लोगों के परिवारीजनों को ढांढस बंधाने भादर गांव जाएंगे।
राहुल सड़क दुर्घटना में घायल पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं से मिलने उनके घर भी जा सकते हैं। सिंह ने बताया कि सबसे अंत में कांग्रेस जिलाध्यक्ष योगेंद्र मिश्र के पुत्र के विवाहोपरांत शहर के रणंजय इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित भोज में शामिल होने के बाद उसी दिन दिल्ली वापस लौट जाएंगे।