सुल्तानपुर। गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ विवादित टिप्पणी से जुड़े मामले में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के खिलाफ चल रहे मानहानि के मुकदमे में शुक्रवार को परिवादी पक्ष के गवाह रामचंद्र दूबे गवाही के लिए हाजिर हुए। फिलहाल, राहुल गांधी के अधिवक्ता की तरफ से जिरह करने के बजाय कोर्ट से समय मांगा गया। एमपी-एमएलए कोर्ट के स्पेशल मजिस्ट्रेट शुभम वर्मा ने मामले में शेष जिरह के लिए 22 दिसंबर की तारीख तय की है।
कोतवाली देहात के हनुमानगंज निवासी भाजपा नेता विजय मिश्रा ने वर्ष 2018 में राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि का परिवाद दायर किया था। आरोप लगाया था कि राहुल गांधी ने गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की है। इस मामले में परिवादी भाजपा नेता विजय मिश्र ने गवाह अनिल कुमार मिश्र की गवाही पूरी करा दी है। परिवादी ने अगले गवाह के रूप में कोतवाली देहात के अहिरौली बजूपुर के रामचंद्र दूबे गवाही के लिए पेश हुए थे। संवाद