सुल्तानपुर। लखनऊ-गाजीपुर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का रविवार को अपर मुख्य सचिव गृह व यूपीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी अवनीश कुमार अवस्थी निरीक्षण करेंगे। इस दौरान पैकेज कार्यालय में कार्यों की समीक्षा भी करेंगे। शासन से कार्यक्रम मिलने के बाद प्रशासन ने सूचना जारी कर दी है।
एडीएम वित्त एवं राजस्व उमाकांत त्रिपाठी ने बताया कि अपर मुख्य सचिव गृह हेलीकॉप्टर से करीब 11 बजे जिले में स्थित पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के पैकेज चार के कार्यस्थल पर पहुंचेंगे। पैकेज चार का निरीक्षण करने के बाद वे कार्यस्थल पर ही यूपीडा के कार्यालय में पैकेज तीन व चार के कार्यों की समीक्षा अधिकारियों व संस्था के साथ करेंगे।
इसके पहले वे अमेठी जनपद के पैकेज दो का निरीक्षण करते हुए जिले में पहुंचेंगे। जिले में समीक्षा करने के बाद वे आजमगढ़ जिले में आने वाले पैकेज की समीक्षा व निरीक्षण के लिए जाएंगे। अपर मुख्य सचिव के निरीक्षण व समीक्षा का कार्यक्रम जारी होने के बाद अधिकारी तैयारियों में जुट गए हैं।