सुल्तानपुर। जनता कर्फ्यू का ग्रामीण अंचल में अभूतपूर्व नजारा रहा। कस्बों में दुकानें बंद रहीं और सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। प्रशासन व पुलिस के अधिकारियों ने भ्रमण कर जनता कर्फ्यू का जायजा लिया। इस बीच कुछ तमाशबीन बने लोगों को पुलिस ने रास्ते से भगाया भी।
प्रधानमंत्री के आह्वान पर जनता कर्फ्यू का असर जिले के पूर्वी से लेकर पश्चिमी छोर तक रहा। पूर्वी छोर के क्षेत्रों सूरापुर, कादीपुर, अखंडनगर, दोस्तपुर, मोतिगरपुर, जयसिंहपुर, कूरेभार, चांदा, लंभुआ, हनुमानगंज में जनता कर्फ्यू की वजह से सड़कें सूनी रहीं।
इसी तरह बल्दीराय, धनपतगंज, अलीगंज, कुड़वार क्षेत्रों में भी व्यापक असर रहा। गांवों मेें लोग एहतियात बरतते देखे गए। लोग घरों से नहीं निकले। अधिकांश किसानों ने खेती-बाड़ी का कार्य भी ठप रखा। किसान सिर्फ पशुपालन संबंधी कार्य करते रहे। उनके चारा-पानी की व्यवस्था के साथ ही दिन भर घर रह कर देेखरेख करते रहे।
जनता कर्फ्यू की वजह से शनिवार की शाम ही कुछ शहरी जिसमें कर्मचारी भी शामिल हैं वे शहर का आवास छोड़कर गांव चले गए। गांव में कर्मचारियों व अन्य शहर के लोगों ने परिवार के साथ समय बिताया। कुछ ने खेतों का भी जायजा भी लिया व गांव स्थित घर का कामकाज निपटाया। परिवार के अन्य सदस्यों के साथ रहकर दिन बिताया।