जननी सुरक्षा योजना का चेक महीनों बाद भी प्रसूताओं को नहीं मिल पा रहा है। बृहस्पतिवार सुबह मोतिगरपुर सीएची के निरीक्षण में प्रमुख सचिव खाद्य एवं औषधि प्रशासन व जिले के नोडल अधिकारी को दिसंबर की प्रसूताओं के 22 चेक रजिस्टर में मिले।
वे फरवरी में बनाए गए थे लेकिन इसके बाद भी लाभार्थियों को नहीं दिए गए थे। इस पर नाराज प्रमुख सचिव ने सीएमओ को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। मोतिगरपुर सीएचसी के निरीक्षण पर पहुंचे प्रमुख सचिव हेमंत राव ने टीकाकरण, औषधि कक्ष को भी देखा।
उन्होंने मरीजों के बारे में जानकारी ली। इसके बाद वे बगल में स्थित ब्लॉक का निरीक्षण करने पहुंच गए। ब्लॉक के निरीक्षण में मनरेगा के सक्रिय 4172 जॉब कार्डधारकों में अभी सिर्फ 1875 को ही काम मिला है जबकि मांग 2865 ने की थी। समीक्षा में भुगतान की स्थिति भी गड़बड़ पाई गई।
प्रमुख सचिव ने सीडीओ राम यज्ञ मिश्र को इसमें सुधार के निर्देश दिए। कहा कि प्रत्येक गांव में कार्य चलना चाहिए और भुगतान नियमित कराने की व्यवस्था की जाए। इसके बाद वे जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के निरीक्षण में पहुंच गए। बीएसए कार्यालय पहुंचते ही ऑफिस के लोग परेशान हो गए।
हालांकि इस दौरान विरोधी खेमे के नहीं मौजूद होने से आरोप-प्रत्यारोप लगने से बच गए। बीएसए से एमडीएम, शिक्षकों के स्वीकृत पद व नियुक्त शिक्षकों की संख्या की जानकारी ली। उन्होंने ड्रेस व पुस्तक वितरण की भी जानकारी ली। इसके बाद प्रमुख सचिव जिला अस्पताल पहुंचे।
जिला अस्पताल में एक करोड़ 25 लाख से निर्माणाधीन प्राइवेट वार्ड व ओटी का निरीक्षण किया। इसके बाद महिला अस्पताल में निर्माणाधीन 100 बेड के मैटरनिटी विंग का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पटरी से नाम लेकर गुणवत्ता की परख की। निरीक्षण के दौरान गुणवत्ता में गड़बड़ी की आशंका पर प्रमुख सचिव ने जांच के निर्देश दिए हैं।
इंजीनियरों की गठित टीम को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच कर डीएम के माध्यम से रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिए है। जांच टीम में पीडब्ल्यूडी, सिंचाई व ग्रामीण अभियंत्रण सेवा के अभियंता शामिल हैं। निरीक्षण के दौरान डीएम एस राजलिंगम, मुख्य विकास अधिकारी राम यज्ञ मिश्र समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।