सुल्तानपुर। बड़ौदा यूपी ग्रामीण बैंक की शाखाओं में शुक्रवार को हड़ताल रहेगी। हड़ताल की वजह से ग्रामीण बैंक की जिले में संचालित 79 शाखाओं में कामकाज ठप रहेगा।
ऑल इंडिया रीजनल रूरल बैंक इंप्लाइज एसोसिएशन (अरेबिया) के प्रवक्ता शिवकरन द्विवेदी ने बताया कि केंद्र सरकार ग्रामीण बैंकों का निजीकरण करना चाहती है। इसका विरोध जारी है। इसी क्रम में अपनी प्रमुख मांगों के समर्थन में 23 सितंबर को राष्ट्रीय स्तर पर ग्रामीण बैंकों के अधिकारी व कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे। शुक्रवार को हड़ताल के बाद अब बैंक शाखाएं सोमवार को खुलेंगी। शुक्रवार को हड़ताल के बाद बैंकों में 24 सितंबर को चौथा शनिवार व 25 सितंबर को रविवार का साप्ताहिक अवकाश रहेगा।