कूरेभार (सुल्तानपुर)। किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने शुक्रवार को स्थानीय विकास खंड कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद आठ सूत्री ज्ञापन खंड विकास अधिकारी को दिया। किसान नेताओं ने कहा कि यदि 15 दिन के अंदर समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया तो अयोध्या-प्रयागराज मार्ग जाम कर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
शुक्रवार को थाना क्षेत्र के ब्लॉक कार्यालय के सामने ब्लॉक अध्यक्ष छोटेलाल यादव की अगुवाई में क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने पंचायत लगाई। पंचायत को संबोधित करते हुए प्रदेश सचिव अजय सिंह ने कहा कि क्षेत्र में आवारा पशु खुले में घूम रहे हैं, जो किसानों की मेहनत से तैयार फसलों को बर्बाद कर दे रहे हैं। सरकार की तरफ से खुले गोशालाओं में अव्यवस्था का बोलबाला है। किसान सम्मान निधि के नाम पर किसानों के साथ छलावा किया जा रहा है।
कई बार अभिलेख जमा करने के बावजूद उनके खातों में रकम नहीं पहुंच रही है। अयोध्या मंडल अध्यक्ष ब्रह्मचारी ने कहा कि बरसात में किसानों के कच्चे मकान धराशाई हो रहे हैं। सरकारी तंत्र फेल है। जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ने कहा कि बाजारों व सहकारी समितियों पर यूरिया खाद नदारद है। इसके बाद खंड विकास अधिकारी को आठ सूत्री ज्ञापन दिया गया। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष नसीम अहमद, कर्मराज द्विवेदी, राम विशाल मौर्य, मुरली यादव, सियाराम प्रजापति, हृदयराम पाल, राम केदार, जय प्रकाश शर्मा, छोटेलाल यादव, नन्हेलाल वर्मा, निर्मला समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।