सुल्तानपुर। किशोर से अप्राकृतिक दुष्कर्म करने के मामले में आरोपी मौलाना की डेढ़ माह बाद भी गिरफ्तारी नहीं होने पर मंगलवार को न्याय मंच के बैनर तले ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने सीओ लंभुआ व कोतवाली देहात एसओ पर मामले को दबाने का गंभीर आरोप लगाया है।
कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के एक गांव का किशोर नगर में नार्मल चौराहे के समीप एक मदरसे में पढ़ता था। किशोर के साथ 31 मार्च 2021 को मदरसे का मौलाना हाफिज मोहम्मद इब्राहिम उर्फ दादा मियां बंगाली ने अपने दो अन्य सहयोगियों की मदद से आप्राकृतिक दुष्कर्म किया था।
पीड़ित के भाई की तहरीर पर चार मई को कोतवाली देहात थाने में मौलाना समेत दो अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि सीओ लंभुआ और कोतवाली देहात एसओ मामले को दबाने में लगे हैं।
मामले में आरोपियों की डेढ़ माह बाद भी गिरफ्तारी नही होने पर मंगलवार को पीड़ित पक्ष के साथ ही ग्रामीणों का रोष फूट पड़ा। न्याय मंच की जोनल कॉर्डिनेटर डॉ. रीतू वर्मा की अगुवाई में ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद जिला प्रशासन को ज्ञापन देकर आप्राकृतिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों की गिरप्तारी कराए जाने की मांग की गई है।