सुल्तानपुर। नगर पालिका बोर्ड की बैठक में बीते नौ अप्रैल को पारित दुकानों के किराया बढ़ाए जाने के स्वीकृत प्रस्ताव सभासदों को भी मंजूर नहीं है। उन्होंने इस पर आपत्ति जताई है। प्रकरण को लेकर सभासदों के एक प्रतिनिधि मंडल ने मंडलायुक्त को ज्ञापन दिया। ज्ञापन के जरिए प्रस्ताव निरस्त कराने की मांग की गई है।
नगर पालिका बोर्ड की बैठक में नौ अप्रैल को नगर पालिका की ओर से आवंटित दुकानों का किराया बढ़ाए जाने का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया था। इस प्रस्ताव पर सभासदों की ओर से आपत्ति जताई गई है। सभासदों का आरोप है कि कोरोना काल में मनमाने ढंग से दुकानों का किराया बढ़ाए जाने का प्रस्ताव स्वीकृत कर दिया गया।
नगर पालिका को इस तरह के प्रस्ताव अन्य विषय में लाकर स्वीकृत किए जाने का अधिकार नहीं है। इस तरह के प्रस्ताव नीतिगत विषय के तहत ही स्वीकृत किए जा सकते हैं। इस प्रस्ताव को नीतिगत विषय के तहत स्वीकृत नहीं किया गया है।
सभासदों ने कोरोना काल में दुकानों का किराया बढ़ाए जाने के स्वीकृत प्रस्ताव को निरस्त कराने की मांग की है। प्रकरण को लेकर मंगलवार को सभासदों के एक प्रतिनिधि मंडल ने कमिश्नर को ज्ञापन दिया। ज्ञापन देने वालों में अमोल बाजपेई, अजय सिंह, सज्जाद खान, मंजू सिंह समेत अन्य सभासद शामिल रहे।