. कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन करते ऑल उत्तर प्रदेश ड्राइवर वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारी। स्रोत-सो
सुल्तानपुर। शहर से सटे अमहट स्थित बाइक एजेंसी के मैनेजर पर ट्रक चालक से छह हजार रुपये मांगने, गाली-गलौज करने और धक्का-मुक्की करने का आरोप लगा है। घटना से नाराज चालक ने ऑल उत्तर प्रदेश ड्राइवर वेलफेयर एसोसिएशन के साथ शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक के नाम शिकायती पत्र देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इटावा जिले के बसरेहर के हरिनाथपुर निवासी राजकुमार के मुताबिक वह ट्रक कंटेनर से मोटरसाइकिल की डिलीवरी देने बुधवार को अमहट स्थित एजेंसी पहुंचे थे। आरोप है कि एजेंसी मैनेजर ने गाड़ियों की रिसीविंग देने के बदले छह हजार रुपये मांगे। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद हो गया। जानकारी मिलने पर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष राजेश मिश्र समेत अन्य पदाधिकारी शुक्रवार को मौके पर पहुंचे।
आरोप है कि मामले को सुलझाने के लिए बातचीत के दौरान 2,500 रुपये देने की बात सामने आई, लेकिन मैनेजर ने गाली-गलौज शुरू कर दिया। प्रदेश अध्यक्ष ने घटना का वीडियो बनाने का प्रयास किया तो उनके साथ भी अभद्रता का आरोप है। चालक और संगठन के पदाधिकारियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन दिया गया। एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष राजेश मिश्र ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर प्रकरण की जांच कराने और दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।