सार्वजनिक वितरण प्रणाली की सरकारी दुकानों से बीते तीन माह से राशन नहीं मिलने से नाराज फतेहपुर मवैया के ग्रामीण शुक्रवार को सड़क पर उतर आए। ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट का घेराव कर घंटों आपूर्ति विभाग, कोटेदार व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद ग्रामीणों ने एडीएम को शिकायती पत्र देकर कोटेदार से राशन दिलाने व राशन कार्ड सूची की जांच व कोटेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
बहादुरपुर ब्लॉक के फतेहपुर मवैया गांव सरकारी दुकान से बीते तीन माह से राशन नहीं मिलने से नाराज ग्रामीण शुक्रवार को सड़क पर उतर आए। नाराज ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट का घेराव कर घंटों आपूर्ति विभाग के साथ ही उचित दर विक्रेता व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। घेराव व प्रदर्शन के बाद ग्रामीणों ने अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सूर्य नारायण यादव को शिकायती पत्र दिया।
ग्रामीणों का कहना था कि वे अंत्योदय तथा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन योजना के कार्डधारक हैं। बीते तीन माह से कोटेदार ने उन्हें राशन नहीं दिया है। ग्रामीणों का आरोप था कि कोटेदार ने अपने पुत्र व समर्थकों को लाभ दिलाने के लिए आपूर्ति विभाग की मिलीभगत से पात्र लोगों का नाम कटवा कर अपात्रों का नाम सूची में शामिल करवा दिया है।
शिकायती पत्र में ग्रामीणों ने एडीएम से बीते तीन माह का राशन वितरित करवाने के साथ ही राशन कार्ड सूची की उच्च स्तरीय जांच करवाने व अपात्रों का नाम खारिज कर पात्रों का नाम जोड़ने तथा जिम्मेदार अधिकारी के साथ ही कोटेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
प्रदर्शन में मोहम्मद जमील, बाबू, हरिश्चंद्र, रामप्रसाद, जुम्मन, लाल मोहम्मद व रामराज सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।