पिछले 48 घंटे से कोइरीपुर नगर पंचायत समेत 24 गांवों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई है। ढाखापुर उपकेंद्र पर लगा ट्रांसफार्मर तकनीकी खामी के चलते फुंक गया। पावर कॉर्पोरेशन के अधिकारियों की लचर कार्यशैली से आक्रोशित बड़ी संख्या में विद्युत उपभोक्ताओं ने मंगलवार को उपकेंद्र पर पहुंच प्रदर्शन किया। जानकारी होने पर पहुंचे अधिकारियों ने समस्या के जल्द निराकरण का आश्वासन दिया।
क्षेत्र के कोइरीपुर नगर पंचायत समेत अन्य 24 गांवों में ढाखापुर स्थित उपकेंद्र से विद्युत आपूर्ति की जाती है। रविवार को ढाखापुर स्थित उपकेंद्र पर लगा पांच एमवीए का ट्रांसफार्मर तकनीकी कमी के चलते जल गया। ट्रांसफार्मर जलने से कोइरीपुर नगर पंचायत समेत 24 गांवों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई है। ग्रामीणों ने इसकी सूचना विद्युत अधिकारियों से की। शिकायत के बाद भी अधिकारियों ने ट्रांसफार्मर की न मरम्मत कराई और न ही नया ट्रांसफार्मर लगवाया।
बिजली नहीं मिलने से तकरीबन 70 हजार की आबादी प्रभावित हुई है। लोग पिछले 48 घंटे से बगैर बिजली के रहने को मजबूर हैं। शिकायत के बाद अधिकारियों के रवैये से नाराज उपभोक्ताओं ने मंगलवार को विद्युत उपकेंद्र का घेराव कर दिया। प्रधान केशरी यादव के नेतृत्व में धरना-प्रदर्शन किया गया। सूचना पर अवर अभियंता सुरेंद्र यादव, सहायक अभियंता अनिल कुमार वर्मा ढाखापुर उपकेंद्र पहुंचे।
अधिकारियों ने ट्रांसफार्मर की जांच करने के बाद उसे कंडम घोषित कर दिया। प्रदर्शन करने वालों में दिनेश पाठक, क्षेत्र पंचायत सदस्य मुन्ना यादव, उमेश शर्मा, इश्तियाक अहमद, राकेश चौधरी समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।