तहसील सदर के ऊंचगांव में औद्योगिक क्षेत्र के लिए चिह्नित भूमि। फाइल फोटो
सुल्तानपुर। शासन के निर्देश पर औद्योगिक क्षेत्र बसाने की चल रही कवायद को एक बार फिर झटका लगा है। राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने तहसील सदर के ऊंचगांव और सरैया पूरे बिसेन गांव की 118 एकड़ भूमि पर औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने के प्रस्ताव को कम जमीन बताते हुए खारिज कर दिया है। प्राधिकरण ने इसके लिए 200 एकड़ भूमि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने सुल्तानपुर-लखनऊ हाईवे के किनारे असरोगा में 110 एकड़ भूमि का प्रस्ताव यूपी सीडा को भेजा था। यूपी सीडा की ओर से खारिज किए जाने के बाद ऊंचगांव और सरैया पूरे बिसेन की भूमि चिह्नित करते हुए किसानों की सहमति लेकर प्रस्ताव भेजा गया था। एक-एक करके दोनों प्रस्ताव खारिज होने के बाद लोगों की उम्मीदों को झटका लगा है। दो बार मामला निरस्त होने से औद्योगिक क्षेत्र के विकसित होने में और समय लगने की संभावना जताई जा रही है।
भूमि मिलने पर किसानों की सहमति लेने में लंबा वक्त लग सकता है। यूपी सीडा के निर्देश पर प्रशासन ने दूसरी तहसीलों में भूमि की तलाश शुरू कर दी है। उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। डीएम ने उपजिलाधिकारियों को हाईवे के किनारे भूमि की तलाश करने की प्राथमिकता बताई है। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राकेश सिंह ने बताया कि यूपी सीडा ने कम से कम 200 एकड़ भूमि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। भूमि की तलाश कराई जा रही है। मिलने पर प्राधिकरण को सूचना दी जाएगी।