कुड़वार में गोेलीकांड के बाद घटना स्थल का निरीक्षण करतीं एसपी चारू निगम।
कुड़वार। स्थानीय बाजार स्थित एक गैस एजेंसी के सामने बुधवार करीब शाम 7:00 बजे अपने व्यावसायिक प्रतिष्ठान के सामने बैठे प्राॅपर्टी डीलर नरवापार निवासी माता प्रसाद पांडेय (50) की बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। बदमाश असलहा लहराते हुए सुल्तानपुर की ओर भाग निकले।
घटनास्थल पर पहुंचे सीओ नगर सौरभ सामंत ने स्थानीय लोगों से वारदात के बारे में पूछताछ की लेकिन हमलावरों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम करीब सात बजे माता प्रसाद पांडेय कार से बाजार में पहुंचे और अपने कांप्लेक्स स्थित एक गैस एजेंसी के सामने कुर्सी पर बैठे गए। तभी एक बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाश पहुंचे। बाइक पर पीछे बैठे एक बदमाश ने माता प्रसाद पर असलहे से फायर कर दिया।
गोली माता प्रसाद के पीठ में लगी। गोली लगने के बाद वह दुकान की ओर भागे। उन्हें मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि गोली पीठ पर लगने के बाद सीने से पार हो गई है।
घटनास्थल पर पहुंचे सीओ नगर सौरभ सामंत ने बताया कि हमलावरों की तलाश की जा रही है। हत्या का कारण पता नहीं चल सका है। एसपी चारू निगम ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। बताया कि माता प्रसाद प्रापर्टी डीलिंग का काम करते थे, हमलावरों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।