शहर के सीताकुंड धाम पर छठ पूजा के लिए पिंडी तैयार करती युवती। संवाद
सुल्तानपुर। नगर पालिका परिषद ने डाला छठ पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। नगर पालिकाध्यक्ष प्रवीन कुमार अग्रवाल ने बुधवार को सीताकुंड घाट का जायजा लिया। छठ पूजा को लेकर उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों और स्वर्णकार समाज के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर निर्देश दिए।
पालिकाध्यक्ष ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं के जरूरी इंतजाम समय से पूरे करने को कहा। उन्होंने घाट पर आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए। नदी तट पर बने गड्ढों को भरने और बालू से बोरियों द्वारा समतलीकरण कराने को भी कहा गया। महिला श्रद्धालुओं के लिए वैकल्पिक सीढ़ी, रैंप और कपड़े बदलने की समुचित व्यवस्था होगी। घाट और पहुंच मार्ग पर जनरेटर के साथ निर्बाध प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। मोबाइल शौचालय, पेयजल और व्यापक साफ-सफाई के इंतजाम भी किए जाएंगे। मच्छरों से बचाव के लिए फॉगिंग कराने के निर्देश भी दिए गए।
सामाजिक संस्थाओं का सहयोग
पालिकाध्यक्ष अग्रवाल ने बताया कि डाला छठ पर्व 15 और 16 नवंबर को आयोजित होगा। इस दौरान स्वर्णकार समाज समेत विभिन्न सामाजिक संस्थाएं भंडारे और प्रसाद वितरण का आयोजन करती हैं। नगर पालिका हर वर्ष की तरह इस बार भी श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक इंतजाम करेगी। इस बैठक में स्वर्णकार समाज के अध्यक्ष राजकुमार सोनी और संरक्षक भरत जी सोनी उपस्थित रहे। पालिका के प्रभारी सफाई लिपिक प्रशांत रावत और मार्ग प्रकाश प्रभारी अजय कुमार तिवारी समेत अन्य कर्मचारी भी मौजूद थे।
पुलिस सुरक्षा व्यवस्था
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने भी बुधवार को सीताकुंड घाट पर छठ पूजा की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और आवागमन व्यवस्था के बारे में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। एसपी ने बताया कि सीताकुंड घाट पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। उनके साथ अपर पुलिस अधीक्षक बृजनारायण सिंह और कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक सुरेश नारायण मिश्र भी मौजूद थे।