सुल्तानपुर। बिजली बिल राहत योजना की तारीख बीतने के बाद बकायेदार उपभोक्ताओं पर विभाग सख्ती करेगा। पंजीयन न कराने वाले उपभोक्ताओं की लाइन काटते हुए विभागीय कार्रवाई की जाएगी। जिसमें विभाग उन उपभोक्ताओं को चिह्नित कर रहा है, जो लंबे समय से बिल नहीं जमा किए हैं, और योजना में लाभ लेने के लिए पंजीयन नहीं कराए हैं।
विद्युत निगम ने कनेक्शन लेने के बाद कभी बिल न जमा करने वाले व लंबे समय से भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के लिए बिजली बिल राहत योजना चलाई है। योजना के तहत पंजीकरण कराते हुए किस्त जमा करने वाले बकायेदार उपभोक्ताओं को छूट दी जा रही है। इसमें प्रथम चरण में बकायेदारों को बिल का पूरा ब्याज माफ करते हुए मूल बिल में भी 25 प्रतिशत छूट दी गई। दूसरे चरण में पूरा ब्याज माफ करते हुए मूल बिल में 20 प्रतिशत छूट दी गई।
तीसरे चरण में पूरी ब्याज माफ करते हुए मूल बिल में 15 प्रतिशत छूट दी जा रही है। पांचों खंडों में एक किलोवाट के घरेलू और दो किलोवाट काॅमर्शियल के दो लाख 59 हजार 135 बकायेदार उपभोक्ता थे। बिजली चोरी के 2689 उपभोक्ता भी थे। पहले चरण में 57217 उपभोक्ताओं ने योजना का लाभ लेने के लिए पंजीयन कराया। दूसरे चरण में लगभग 15 हजार उपभोक्ताओं ने पंजीयन कराया। तीसरे चरण में भी अब तक पांच हजार से अधिक उपभोक्ता पंजीयन करा चुके हैं। निगम की ओर से दी जा रही सुविधाओं के बाद भी उपभोक्ता बकाया जमा करने को तैयार नहीं हैं। ऐसे उपभोक्ताओं के लिए विभाग भी अब सख्त कार्रवाई करने की तैयारी कर रहा है।
अधिशासी अभियंता अश्वनी कुमार ने बताया कि बिजली बिल के बकायेदार उपभोक्ताओं के लिए योजना चलाई गई है। उपभोक्ता बिल नहीं जमा करेंगे तो उनकी लाइन काटते करते हुए विभागीय कार्रवाई की जाएगी। ऐसे उपभोक्ताओं की सूची तैयार की जा रही है, जो लंबे समय से बकायेदार हैं और योजना का लाभ लेने में रुचि नहीं दिखा रहे हैं।