सुल्तानपुर। कोरोना संक्रमण से बचाव को लेकर पीआरडी जवानों के लिए युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग की ओर से कोविड-19 की वैक्सीन लगवाना अनिवार्य कर दिया गया है।
सभी पीआरडी जवानों को वैक्सीनेशन कराने के साथ ही कोविड टेस्ट भी कराना होगा। इसकी रिपोर्ट विभाग में जमा करनी होगी। वैक्सीन नहीं लगवाने वाले पीआरडी जवानों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कोविड टीकाकरण को लेेकर अब युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग पीआरडी जवानों पर सख्त हो गया। कोरोना संक्रमण बढ़ने के बाद भी जिले के अधिकांश पीआरडी जवानों ने अभी तक कोविड-19 का टेस्ट व कोविड-19 का टीकाकरण नहीं करवाया है।
इसे देखते हुए युवा कल्याण विभाग ने हाल ही में सभी पीआरडी जवानों को कोविड-19 की वैक्सीन लगवाना अनिवार्य कर दिया है। जिले में करीब 440 पीआरडी जवान हैं।
इनमें से कुछ ही लोगों ने अभी तक कोविड-19 का वैक्सीनेशन व जांच करवाई है। अधिकांश पीआरडी जवानों ने अभी टीकाकरण नहीं करवाया है। युवा कल्याण विभाग की ओर से पीआरडी जवानों के लिए निर्देश जारी किया गया है।
कहा गया है कि सभी पीआरडी जवान अपने नजदीक के प्राथमिक व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जाकर वैक्सीन लगवाकर कोरोना जांच की रिपोर्ट की फोटो कापी कार्यालय में जमा करवा दें। निर्देश का पालन सभी पीआरडी जवानों को करना होगा।
यदि कोई भी पीआरडी जवान टीका नहीं लगवाएगा तो उसके खिलाफ पीआरडी एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में जिला युवा कल्याण अधिकारी राजेश वर्मा ने बताया कि पीआरडी जवानों के टीकाकरण के लिए सीएमओ को भी एक पत्र विभागीय स्तर पर भेजा गया है।
पत्र के माध्यम से पीआरडी जवानों को स्वास्थ्य केंद्रों पर टीका लगवाने व जांच करवाने में सुविधा दिलाने का सहयोग मांगा गया है।