मोतिगरपुर। विद्युत उपकेंद्र दियरा, धम्मौर और पकड़ी से जुड़े क्षेत्रों में मंगलवार को बिजली आपूर्ति बाधित रही। इससे कुल 1 लाख 80 हजार से अधिक आबादी को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दियरा में एक लाख, धम्मौर में 70 हजार और पकड़ी में 10 हजार लोग प्रभावित हुए।
दियरा उपकेंद्र से जुड़े क्षेत्रों में सोमवार शाम से मंगलवार शाम तक कई बार बिजली कटी। सोमवार शाम 6:45 बजे से शुरू हुई कटौती रात भर जारी रही। मंगलवार सुबह 11:30 बजे रखरखाव के लिए आपूर्ति रोक दी गई। करीब साढ़े चार घंटे बाद शाम 4:00 बजे बिजली बहाल हुई। इसके तुरंत बाद शाम 4:30 बजे कादीपुर से फिर आपूर्ति काट दी गई।
अधिशासी अभियंता संजय कुमार यादव ने बताया कि यह कटौती पारेषण उपकेंद्र से हो रही है। उन्होंने दो-चार दिनों में आपूर्ति में सुधार की उम्मीद जताई। मोतिगरपुर, बरौसा, पहाड़पुर, हमजाबाद, दियरा और इंडोडच फीडर प्रभावित रहे।
धम्मौर में दो घंटे ठप रही बिजली
धम्मौर में मंगलवार शाम बिना बारिश और हवा के बिजली आपूर्ति दो घंटे ठप रही। शाम चार बजे गुल हुई बिजली छह बजे बहाल हो पाई। बनकेपुर, धम्मौर और कूड़धाम फीडर से जुड़ी करीब 70 हजार आबादी प्रभावित हुई। उपभोक्ताओं ने एचटी लाइन में बार-बार फाॅल्ट और ओवरलोडिंग को कारण बताया। एसडीओ अभिषेक कुमार ने एचटी लाइन में फाॅल्ट आने की पुष्टि की। कर्मचारियों ने फाॅल्ट तलाशकर ठीक किया, जिसके बाद बिजली बहाल हुई।
पकड़ी उपकेंद्र का संचालन भी बाधित
दूबेपुर में एचटी लाइन पर बांस गिरने से पकड़ी उपकेंद्र का संचालन करीब दो घंटे तक ठप रहा। इससे क्षेत्र के लगभग 50 गांवों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बंद रही। करीब 10 हजार उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ा। पयागीपुर स्थित 220 केवीए पारेषण उपकेंद्र से पकड़ी को आने वाली एचटी लाइन की आपूर्ति दोपहर 3:46 बजे अचानक फेल हो गई थी। बिजली कर्मियों ने अहिमाने गांव के पास पारेषण लाइन पर गिरे बांस को काटकर हटाया। उपकेंद्र प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि शाम 5:37 बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो गई।