सरकार के निर्देश का भी पावर कॉर्पोरेशन पर कोई असर नहीं पड़ा है। रमजान में 16 घंटे निर्बाध विद्युत देेने के आदेश केे बाद भी कार्पोरेशन लखनऊ से सीधे इमरजेंसी कटौती कर रहा है।
रात में उमस भरी गर्मी के दौरान तीन घंटे की इमरजेंसी कटौती से लोग बेहाल हो गए। रमजान माह के दौरान भी जिले की विद्युत आपूर्ति पटरी पर नहीं आ सकी है।
सूबे की सरकार के आदेश के बाद भी पावर कॉर्पोरेशन लखनऊ से सीधे इमरजेंसी कटौती करने से बाज नहीं आ रहा है। लखनऊ से रात में तकरीबन रोज की जा रही इमरजेंसी कटौती की भनक वितरण खंड के स्थानीय इंजीनियरों को थोड़ी देर पहले लगती है।
शुक्रवार की रात 11 बजे से दो बजे तक तीन घंटे लखनऊ से इमरजेंसी कटौती कर दी गई। रात में इमरजेंसी कटौती से सो रहे लोग जग गए। खासकर रोजेदारों को ज्यादा परेशानी उठानी पड़ी। इसकी वजह से लोगों में रोष बढ़ रहा है। शनिवार को दिन में दरियापुर से जुड़े पंजाबी कॉलोनी एवं डाकखाना उपकेंद्र के कुछ हिस्से में केबल डालने व मरम्मत कार्य के लिए आपूर्ति बंद की गई।