डाक कर्मियों की हड़ताल से बृहस्पतिवार को प्रधान डाकघर समेत 50 उप शाखाओं की व्यवस्था चरमरा गई। सभी डाकघरों पर कामकाज पूरी तरह ठप रहा। खाताधारकों को धन की जमा व निकासी के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा। हड़ताल से करीब 70 लाख रुपये का लेन-देन नहीं हो सका।
संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर बृहस्पतिवार को जिले के डाक कर्मचारी हड़ताल पर रहे। डाक कर्मियों ने डाकघर शाखाओं के समक्ष प्रदर्शन करते हुए विरोध जाहिर किया। प्रधान डाकघर पर आयोजित धरना प्रदर्शन में डाक कर्मियों ने एक जनवरी 2004 के बाद डाक विभाग की सेवा में आए कर्मचारियों को पुरानी पेंशन स्कीम का लाभ दिलाने का मसला उठाया। डाक कर्मियों ने नई पेंशन स्कीम पर विरोध जताया।
डाक कर्मियों ने पांच वर्ष के अंतराल पर कर्मचारियों की सेवा के मुताबिक प्रमोशन दिए जाने की मांग भी की। डाक कर्मियों ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के चलते ही डाक कर्मी हड़ताल करने को बाध्य हुए हैं। यदि समस्याओं का समाधान न किया गया तो डाक कर्मी बड़ा आंदोलन छेड़ेंगे। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व जेपी सिंह व एसपी यादव ने किया। डाक कर्मियों की हड़ताल से प्रधान डाकघर समेत जिले के शहर व ग्रामीण क्षेत्रों की करीब 50 शाखाओं में लेन-देन पूरी तरह ठप रहा। डाक विभाग के काउंटर दिन भर खाली रहे। धन की जमा व निकासी के लिए खाताधारकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हड़ताल की वजह से करीब 70 लाख का लेन-देन नहीं हो सका।