सुल्तानपुर। सामान्य तौर पर 50 से 100 एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) स्वास्थ्य के लिए ठीक माना जाता है। दीपावली के बाद जिले में 175 पार कर चुका है। सुबह से लेकर शाम तक धुंध छाई हुई है। श्वास व दमा के रोगियों की सेहत बिगड़ने की संभावना अधिक हो गई है। ऐसे मौसम में चिकित्सक सावधान रहने की सलाह दे रहे हैं।
गांव से लेकर शहर में इस समय एक्यूआई 151 से 200 के बीच है जो बीमार कर सकता है। मेडिकल कॉलेज के फिजिशियन डॉ.एसी गुप्ता ने बताया कि हवा की खराब गुणवत्ता से स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ता है। श्वांस और हृदय संबंधी बीमारियां,अस्थमा, ब्रोंकाइटिस व फेफड़ों के कैंसर का खतरा बढ़ सकता है। वायु प्रदूषण से बुजुर्गों में खांसी और बलगम की समस्या बढ़ जाती है। लंबे समय से वायु प्रदूषण के बीच रहने से फेफड़ों व हृदय को नुकसान हो सकता है।
एलर्जी, त्वचा, लिवर रोग आदि बीमारी का खतरा बढ़ जाता है। खांसी, सांस लेने में तकलीफ, सीने में जकड़न, थकान, सिरदर्द, चक्कर आना, मितली व आंखों में जलन आदि होने पर चिकित्सक से संपर्क करें। घर में हवा साफ रखने के लिए एयर प्यूरीफायर का प्रयोग करें। एयर-प्यूरीफाइंग पौधे जैसे नीम, तुलसी और मनी प्लांट खासा उपयोगी हैं। सार्वजनिक वाहनों का उपयोग कम करें। कचरे व पत्तियों को न जलाएं। फेफड़ों को साफ रखने के लिए सप्ताह में दो से तीन बार गर्म पानी की भाप दें। घर के अंदर धूम्रपान से बचें।