सुल्तानपुर। कांग्रेस ने जिले में उम्मीदवारों की घोषणा में लंभुआ विधानसभा क्षेत्र में नए व युवा चेहरे पर भरोसा जताया है। इसके पहले भी कांग्रेस सदर, कादीपुर व सुल्तानपुर में नए चेहरों को मैदान में उतार चुकी है।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को जिले के लंभुआ विधानसभा क्षेत्र से विनय विक्रम सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है। पीपी कमैचा विकास खंड क्षेत्र के रामनगर गुलालपुर निवासी विनय विक्रम सिंह युवक कांग्रेस के सांगठनिक चुनाव में लंभुआ विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष के रूप में निर्वाचित हुए थे। युवक कांग्रेस के दूसरे चुनाव में वे जिला उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए थे। वे प्रतापपुर कमैचा ब्लॉक के अध्यक्ष भी रहे। वर्ष 2019 के चुनाव के पूर्व वे प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य रहे। वे कांग्रेस के सूचना अधिकार प्रकोष्ठ की प्रदेश कमेटी में भी रहे। इसके पहले कांग्रेस की ओर से कमोबेश सुल्तानपुर, सदर व कादीपुर सुरक्षित सीट पर भी युवा व नए चेहरे पर भरोसा जताया जा चुका है।