सुल्तानपुर। सीएम योगी आदित्यनाथ के फरमान का बृहस्पतिवार को जिले में व्यापाक असर देखने को मिला। हाकिम से लेकर मातहत तक थानों की साफ-सफाई के लिए झाड़ू लेकर उतर पड़े। यह कार्य जहां पुलिस कर्मियों के लिए नया तजुर्बा रहा, वहीं अन्य लोगों के लिए कौतूहल का विषय बना। साफ-सफाई के बाद पुलिस कर्मियों ने स्वच्छता की शपथ ली। सीएम योगी आदित्यनाथ के फरमान का असर जिले के पुलिस महकमे में दिखाई देने लगा है।
एंटी रोमियो स्क्वॉयड के गठन के बाद पुलिस अधिकारी और मातहत साफ-सफाई को लेकर भी संजीदा हो गए हैं। शुक्रवार को पुलिस स्टेशनों पर वर्दीधारियों ने परिसर की सफाई की कमान खुद संभाल ली। जिन स्टेशनों पर स्वीपर से सफाई करवाई जाती थी, वहां पुलिस वाले ही झाड़ू हाथों में लेकर सफाई करते नजर आए। अधिकारियों ने पुलिस कर्मियों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई। एसपी पवन कुमार ने बताया कि सभी अधिकारियों और थानाध्यक्षों को अपने कार्यस्थल की साफ-सफाई की व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।