सुल्तानपुर। अपराध से अर्जित अपराधियों की संपत्ति का पुलिस जब्त करने की कार्रवाई सुनि श्चित करे। कोविड-19 की रोकथाम के लिए जन सहयोग की मदद लेते हुए सख्ती से गाइडलाइन का अनुपालन कराया जाए। ये बातें बुधवार को जिले में पहुंचे अपर पुलिस महानिदेशक लखनऊ जोन एसएन साबत ने कही।
शहर से सटे पयागीपुर के पास स्थित 400 केवी में जिलाधिकारी रवीश गुप्ता, एसपी डॉ. विपिन कुमार मिश्र के साथ जिले के सभी सीओ के साथ बैठक में अपर महानिदेशक एसएन साबत ने कहा कि कोविड-19 वैश्विक महामारी है। इसके बचाव और रोकथाम के लिए मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन जिले में सुनिश्चत कराएं, जिससे आम लोगों को बचाया जा सके।
उन्होंने कहा कि ईद-उल-फितर त्योहार को देखते हुए सभी थानों पर पीस कमेटी की मीटिंग कर लोगों को कोरोना के प्रति जागरूक करें। त्यौहार के दौरान कोविड-19 के नियमों के पालन के बारे में बताया जाय। कानून व्यवस्था हर हाल में चुस्त दुरुस्त रखा जाय। एडीजी ने कहा कि अपराध से अर्जित की गई अपराधियों की संपत्ति को जब्त किया जाए। उन्होंने टॉप-10, एनएसए व गैंगेस्टर एक्ट के तहत अपराधियों की संपत्ति को जब्त किए जाने पर जोर दिया।