कादीपुर (सुल्तानपुर)। कोरोना संक्रमण काल में जिले का पहला ऑक्सीजन प्लांट बुधवार को कादीपुर सीएचसी में शुरू हो गया। प्लांट से 200 लीटर प्रतिदिन ऑक्सीजन का उत्पादन हो सकेगा। करीब साढ़े 24 लाख रुपये की लागत से स्थापित प्लांट का बुधवार को डीएम की मौजूदगी में कादीपुर विधायक ने शुभारंभ किया।
कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर में ऑक्सीजन के अभाव में लगातार हो रही मौतों को देखते हुए कादीपुर विधायक राजेश गौतम ने अपनी निधि से 24 लाख 55 हजार रुपया जारी करते हुए प्रशासन को पत्र लिखा था। जिलाधिकारी से निधि की धनराशि से घोड़ू इंफोटेक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का 45 एलपीएम क्षमता का ऑक्सीजन जनरेटर कादीपुर सीएचसी में लगवाने की अपेक्षा की थी।
निधि मिलने पर जिलाधिकारी ने प्रक्रिया पूरी करवाते हुए घोड़ू कंपनी का ऑक्सीजन प्लांट स्थापना का कार्य शुरू करवा दिया था। करीब एक सप्ताह में प्लांट बनकर तैयार हो गया। कहा कि प्लांट से करीब 200 लीटर प्रतिदिन ऑक्सीजन का उत्पादन हो सकेगा। बुधवार को जिलाधिकारी रवीश गुप्ता, मुख्य विकास अधिकारी अतुल वत्स की मौजूदगी में कादीपुर के भाजपा विधायक राजेश गौतम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ऑक्सीजन प्लांट का शुुुभारंभ किया। शुभारंभ के मौके पर विधायक ने कहा कि अब क्षेत्र के लोग ऑक्सीजन के लिए जिला मुख्यालय पर निर्भर नहीं रहेंगे। क्षेत्र के लोगों को सीएचसी में ही ऑक्सीजन की सुविधा मिल सकेगी। जिलाधिकारी रवीश गुप्ता ने कोरोना संक्रमण काल में ऑक्सीजन प्लांट लगवाने के विधायक के कदम की सराहना की। कहा कि प्लांट से मरीजों की दिक्कतें दूर होंगी। दावा किया कि जिले में ऑक्सीजन की अब कमी नहीं रह गई है। इस मौके पर सीडीओ अतुल वत्स, सीएमओ डॉ. डीके त्रिपाठी, एसडीएम महेंद्र कुमार समेत संबंधित मौजूद रहे।
विधायक निधि से लगा मंडल का पहला प्लांट
कादीपुर सीएचसी में मंडल व जिले का पहला ऑक्सीजन प्लांट विधायक निधि से कोरोना संक्रमण काल में स्थापित हुआ है। जिलाधिकारी के मुताबिक प्लांट से करीब 200 लीटर प्रतिदिन ऑक्सीजन का उत्पादन हो सकेगा। सीएमओ ने बताया कि एक मरीज को पांच से 10 लीटर ऑक्सीजन की जरूरत होती है। इस हिसाब से करीब 20 से 30 मरीजों को प्लांट से ऑक्सीजन मिल सकेगी। ऑक्सीजन की निर्बाध आपूर्ति के लिए अस्पताल के दो कक्षों में 15 बेड की व्यवस्था की गई है। डीएम ने कहा कि 100 कंसंट्रेटर के आदेश दिए गए हैं। कंपनी की ओर से जल्द आपूर्ति मिल जाएगी।