दूबेपुर के हरिहरपुर डिहवा गांव में क्षतिग्रस्त खंभा।
दूबेपुर। हरिहरपुर डिहवा गांव में बृहस्पतिवार सुबह एक बेकाबू कार ने एचटी लाइन के खंभे में टक्कर मार दी। जिससे खंभा टूटकर गिर गया और तार क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद काशीराम फीडर की बिजली आपूर्ति करीब चार घंटे तक बाधित रही।
इधर, अवर अभियंता ने खंभा क्षतिग्रस्त करने वाले वाहन के खिलाफ कोतवाली नगर में तहरीर दी है। बिजली कटाैती से करीब 15 हजार की आबादी परेशान रही।
हरिहरपुर डिहवा गांव में सड़क किनारे लगे काशीराम फीडर की हाईटेंशन लाइन के खंभे में सुबह 10:00 बजे एक कार ने टक्कर मार दी, जिससे खंभा टूटकर लटक गया। स्थानीय लोगों ने फीडर पर जानकारी दी, जिसके बाद लाइन काटी गई। बिजली कर्मियों ने दूसरा खंभा लाकर लगाया, जिसके बाद दोपहर 2:00 बजे फीडर की आपूर्ति शुरू हो सकी।
पयागीपुर के पास सुबह 7.30 बजे प्लाई फैक्ट्री फीडर की एचटी लाइन का डिस्क दग गया, जिससे तकरीबन एक घंटे तक आपूर्ति बंद रही। टीपी नगर उपकेंद्र के अवर अभियंता जियालाल ने बताया कि डिहवा गांव में क्षतिग्रस्त खंभे को हटाकर नया खंभा लगा दिया गया है। खंभा तोड़ने वाली कार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए कोतवाली नगर थाने में तहरीर दी गई है।