जयसिंहपुर/ सेमरी। भिदूरा निवासी त्रिभुवन की पुत्री दुर्गावती (16) का शव बृहस्पतिवार सुबह कमरे की छत में लगे पंखे से साड़ी के फंदे से लटका देखा गया। अभी तक मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है।
पिता त्रिभुवन ने बताया कि बुधवार रात घर का काम करने के बाद वह अपने कमरे में सोने चली गई। बृहस्पतिवार सुबह उसकी मां माधुरी ने दरवाजा खटखटाया, तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद दुर्गावती की मां कोटे की दुकान पर राशन लेने चली गईं। वहां से लौटने पर दुर्गावती के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला।
काफी देर खटखटाने के बाद भी जब कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई, तो परिजनों ने किसी तरह दरवाजा खोला। कमरे में दुर्गावती का साड़ी के फंदे से लटका शव देखकर परिजन अवाक रह गए। उसे देखने के बाद परिजन रोने-बिलखने लगे। जयसिंहपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
बड़ी बेटी की मौत से परिवार में मची चीख-पुकार
त्रिभुवन शहर में रहकर मजदूरी करते हैं। दुर्गावती दो भाई और दो बहन में सबसे बड़ी थी। उसकी मौत से माता माधुरी, भाई अहम (9), रुद्र (4) व बहन रिप्ती (6) का रो-रोकर बुरा हाल है।