सुल्तानपुर। मंडल के उभरते हॉकी खिलाड़ियों की असली परीक्षा मंगलवार को जिले के पंत स्पोर्ट्स स्टेडियम में होगी। माध्यमिक विद्यालयी प्रतियोगिता के सब जूनियर और जूनियर नेहरू हॉकी के मंडलीय ट्रायल की मेजबानी इस बार जिले को मिली है। ट्रायल में अंबेडकरनगर, अयोध्या, बाराबंकी, अमेठी और सुल्तानपुर के जिला स्तरीय चयनित खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में खेलने का अवसर मिलेगा।
मंडलीय ट्रायल के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी ही इस चयन प्रक्रिया में शामिल होंगे। खिलाड़ियों का चयन प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा, जिससे मंडल की सबसे मजबूत टीम तैयार की जा सके।
क्रीड़ा सचिव दिलीप सिंह ने बताया कि ट्रायल में बालक और बालिका दोनों वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी और सभी प्रतिभागियों को अपनी क्षमता साबित करने का समान अवसर मिलेगा। ट्रायल के दौरान खेल विशेषज्ञ खिलाड़ियों के कौशल, फिटनेस, गति और तकनीक का आकलन करेंगे।
पंत स्पोर्ट्स स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए आवश्यक खेल सुविधाओं के साथ सुरक्षा और तकनीकी व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं। मंडलीय ट्रायल में चयनित खिलाड़ी आगे प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में मंडल का प्रतिनिधित्व करेंगे।