कूरेभार इकाई में लगी प्लास्टिक कटर मशीन देखते अधिकारी व अन्य।
सुल्तानपुर। ग्राम पंचायतों को प्लास्टिक कचरे से मुक्त रखने की कवायद फिर शुरू हुई है। इसके लिए तीन ग्राम पंचायतों में इकाई लगाई जाएगी। स्थापना के बाद संबंधित ब्लॉक की सभी ग्राम पंचायतों का प्लास्टिक कचरा एकत्र करके उसे छोटे टुकड़े के रूप में तैयार करके कंपनी को बेचा जाएगा।
पंचायतीराज निदेशालय ने प्लास्टिक कचरा इकाई स्थापित करने के लिए पूर्व में तीन ग्राम पंचायतों को चयनित किया था। इसके बाद विभाग से दोबारा सत्यापन रिपोर्ट मांगी थी। पिछले माह पंचायतीराज विभाग ने सत्यापन की दोबारा रिपोर्ट निदेशालय भेज दी। इस पर निदेशालय ने कादीपुर के मझगवां, दूबेपुर के बहलोलपुर व जयसिंहपुर के डोमापारा ग्राम पंचायत में इकाई स्थापना की हरी झंडी दे दी है। निदेशालय ने प्रत्येक इकाई के लिए चार-चार लाख रुपये आवंटित कर दिए हैं। तीनों इकाइयों काे स्थापित करने के लिए कुल 12 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं।
जिला पंचायतराज अधिकारी अभिषेक शुक्ल ने बताया कि तीनों इकाइयों को स्थापित करने की मंजूरी निदेशालय से मिल गई है। संबंधित ग्राम पंचायतों को इकाई लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इकाई स्थापना में जरूरत पड़ने पर कुछ राशि ग्राम पंचायतों से खर्च की जा सकेगी। स्थापना के बाद संबंधित विकास खंडों की ग्राम पंचायतों से प्लास्टिक कचरा इकट्ठा करके उसे इकाई में छोटा टुकड़ा बनाया जाएगा। बिक्री से ग्राम पंचायतों की भी आय होगी।