गौरीगंज। शासन ने जिले में प्लास्टिक सर्जरी एवं बर्न यूनिट स्थापित करने का निर्णय लिया है। शासन के निर्देश पर महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य ने सीएमओ को पत्र भेजकर जिला प्रशासन से समन्वय स्थापित कर जिला अस्पताल के समीप निशुल्क भूमि उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
जिले की स्वास्थ्य सुविधा में एक और कड़ी जुडने जा रही है। शासन के निर्देश पर पिछले दिनों महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य ने सीएमओ को पत्र भेजकर जिला अस्पताल के समीप प्लास्टिक एवं बर्न यूनिट स्थापित कराने के लिए 1200 वर्ग मीटर निशुल्क भूमि का प्रस्ताव मांगा है।
पत्र मिलने के बाद सीएमओ डॉ. आरएम श्रीवास्तव ने डीएम डॉ. राम मनोहर मिश्र को पत्र भेजकर प्लास्टिक सर्जरी एवं बर्न यूनिट संचालित कराने के लिए निशुल्क भूमि उपलब्ध कराने की मांग की है।
डीएम ने एसडीएम गौरीगंज अमित कुमार को जिला अस्पताल के समीप 1200 वर्ग मीटर निशुल्क भूमि चिह्नित करते हुए उसका प्रस्ताव कराकर भूमि का पुनर्ग्रहण कराने का निर्देश दिया है।
सीएमओ ने बताया कि जिला अस्पताल का निर्माण तकरीबन पूरा हो चुका है। 15 अगस्त तक जिला अस्पताल संचालित करने की योजना है। बर्न यूनिट के लिए भूमि चिह्नित होते ही उसका प्रस्ताव कराकर शासन को भेज दिया जाएगा। शासन से वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति मिलते ही बर्न यूनिट का निर्माण कराकर संचालित कराया जाएगा।
सीएमओ डॉ. आरएम श्रीवास्तव ने बताया कि गंभीर रूप से जले ऐसे व्यक्ति जिनका चेहरा जल जाता है। ऐसे व्यक्ति के चेहरे पर शरीर के अन्य भाग से चमड़ा निकालकर चेहरे पर लगाया जाता है।
इस सर्जरी के लिए जिले के लोगों को लखनऊ जाना होता है। यूनिट स्थापित होने के बाद जिला समेत आसपास के लोगों को भी इसकी सुविधा मुहैया हो सकेगी।