एमजीएस इंटर कॉलेज में परीक्षा देकर निकलते परीक्षार्थी।
सुल्तानपुर। देशभर के मेडिकल और डेंटल कॉलेजों में एमबीबीएस, बीडीएस और बीएससी नर्सिंग सीटों पर प्रवेश के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की ओर से रविवार को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा अंडर ग्रेजुएट (नीट यूजी-2025) परीक्षा हुई।
परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:20 बजे तक चली। 2874 अभ्यर्थियों में से 59 अनुपस्थित रहे। परीक्षा देकर निकले छात्र-छात्राओं ने बताया कि पेपर औसत था। भौतिकी व केमेस्ट्री के प्रश्नों ने खूब उलझाया, हालांकि ओवरऑल पेपर उम्मीद के मुताबिक रहा है।
केश कुमारी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज से परीक्षा देकर निकली शिवांगी सिंह ने कहा कि परीक्षा में वनस्पति, जंतु, भौतिक और रसायन विज्ञान के प्रश्नपत्र औसत थे। 200 प्रश्नों में से अधिकांश एनसीईआरटी पर आधारित पूछे गए थे। प्रत्येक सेक्शन से चार-चार अंक के 50-50 प्रश्न थे और गलत जवाब पर एक नंबर माइनस मार्किंग थी। फिजिक्स में 50 प्रश्नों में से 10 थ्योरी और लगभग 40 न्यूमेरिकल थे।
महात्मा गांधी स्मारक इंटर कॉलेज से परीक्षा देकर निकले दिव्यांश मिश्र ने बताया कि पेपर अच्छा था। भौतिकी और केमिस्ट्री का सेक्शन कठिन लगा। महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज में परीक्षा देने वाले शुभम मिश्र ने बताया कि फिजिक्स का सेक्शन पिछले साल की तुलना में कठिन और लंबा था।
इस सेक्शन में ज्यादातर प्रश्न न्यूमेरिकल प्रकार के और बाकी के प्रश्न थ्योरी से रिलेटेड थे। बहुविकल्पीय प्रकार वाले प्रश्न मुश्किल थे। सभी प्रश्न सिलेबस के अंतर्गत ही थे। केंद्रीय विद्यालय अमहट में परीक्षा देने वाले राम अनुज विश्वकर्मा ने बताया कि अनुभाग ए और बी में कार्बनिक, अकार्बनिक और भौतिक, रसायन विज्ञान से समान संख्या में प्रश्न थे। इन सबके अतिरिक्त जूलॉजी सेक्शन आसान से मध्यम था, लेकिन कुछ इसमें मुश्किल प्रश्न भी शामिल थे।