सुल्तानपुर। दर्द से कराह रहे बुजुर्ग को रविवार की रात सीएचसी पर इलाज नहीं मिल सका, जिससे उनकी मौत हो गई। परिवारीजनों के हंगामा करने के बाद पहुंचे चिकित्सक ने बुजुर्ग को मृत घोषित करते हुए पल्ला झाड़ लिया। मृतक के बेटे ने चिकित्सक व अन्य स्टाफ के खिलाफ ड्यूटी से नदारद रहने व लापरवाही का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है।
कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के कटघरा मुतरवाही गांव के निवासी सुनील के पिता गुरुदीन की रविवार की रात अचानक तबीयत खराब हो गई। रात करीब साढ़े नौ बजे सुनील परिवारीजनों के साथ पिता को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कादीपुर पहुंचा। सुनील के अनुसार उसके पिता दर्द से कराह रहे थे।
उस समय सीएचसी में न चिकित्सक थे और न ही अन्य स्टाफ। परिवारीजनों ने जब हंगामा करना शुरू किया तो डॉ. राजेश बरनवाल वहां पहुंचे और जांच के बाद गुरुदीन को मृत घोषित कर दिया।
सोमवार को सुनील ने चिकित्सक राजेश बरनवाल और अन्य स्टाफ के खिलाफ कोतवाली में तहरीर देते हुए कहा है कि ड्यूटी से नदारद रहने के कारण उसके पिता का समय पर उपचार नहीं हो सका। समय पर उपचार नहीं मिलने से उनकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है।
सीएमओ डॉ. चंद्रभूषण नाथ त्रिपाठी ने बताया कि प्रकरण उनके संज्ञान में नहीं है। आरोप बेहद गंभीर है। पूरे मामले की जांच होगी। यदि जांच में चिकित्सक अथवा अन्य स्टाफ दोषी पाए जाएंगे तो कार्रवाई की जाएगी।