सुल्तानपुर। खरीफ सीजन में धान सहित अन्य फसलों को कीट और रोगों से सुरक्षित रखने के लिए कृषि विभाग ने जिले की सभी 14 कृषि रक्षा इकाइयों पर करीब 80 लाख रुपये की दवाएं व उपकरणों की आपूर्ति कर दी है।
जिला कृषि रक्षा अधिकारी राजपति शुक्ल ने बताया कि सभी विकासखंडों की कृषि रक्षा इकाइयों पर कीट, रोग एवं खरपतवार नियंत्रण के लिए करीब 40 प्रकार के कृषि रक्षा रसायन, बायोपेस्टीसाइड्स और आईपीएम (एकीकृत कीट प्रबंधन) उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। विभिन्न पारिस्थितिकीय संसाधनों से कीट रोग नियंत्रण योजना के तहत बायोपेस्टीसाइड्स, बीजशोधक एवं आईपीएम यांत्रिक उपायों पर 75 प्रतिशत, जबकि अन्य कृषि रक्षा रसायनों पर 50 प्रतिशत अनुदान सीधे किसानों के बैंक खाते में भेजा जाएगा।
धान की फसल के लिए फिप्रोनिल, मेटसल्फ्यूरॉन मिथाइल, बिसपाइरीबैक सोडियम, जिब्रेलिक एसिड, हेक्जाकोनाजोल, प्रोपिकोनाजोल, कार्बेंडाजिम, ट्राइकोडर्मा, ब्यूबेरिया तथा लाइट ट्रैप सहित कई दवाएं उपलब्ध हैं। मानव चालित स्प्रे मशीन पर अधिकतम 1500 रुपये, शक्ति चालित स्प्रे मशीन पर अधिकतम 3000 रुपये अथवा लागत का 50 प्रतिशत अनुदान मिलेगा।
इनसेट-
घर बैठे मिलेगी कीट रोग नियंत्रण की सलाह
किसान 9452247111 या 9452257111 व्हाट्सएप नंबर पर अपना नाम, फसल, गांव और विकासखंड लिखकर फोटो भेज सकते हैं। विभाग की ओर से 24 से 48 घंटे के भीतर विशेषज्ञों की ओर से कीट रोग की पहचान और उसके नियंत्रण संबंधी सलाह उपलब्ध कराई जाएगी। -राजपति शुक्ल, जिला कृषि रक्षा अधिकारी।