सुल्तानपुर। केंद्र व प्रदेश सरकार की ओर से कराए गए कार्यों की जानकारी जल्द ही लोगों को मिल सकेगी। अपने कार्यों के प्रचार के लिए सरकार दो बुकलेट तैयार करवा रही है। इसमें एक जिला स्तर व दूसरी विधानसभा क्षेत्रवार बुकलेट होगी।
शासन के निर्देश के बाद सूचना निदेशालय को पुस्तक प्रकाशन करवाने का जिम्मा सौंपा गया है। निदेशालय ने इसके लिए डाटा जुटाने व उसका खाका तैयार करवाने के लिए सभी जिलों के सूचना अधिकारियों को लगाया है। अधिकारियों के मुताबिक 19 मार्च को मुख्यमंत्री पुस्तक का विमोचन करेंगे। इसके बाद प्रत्येक विधानसभा क्षेत्रों में पुस्तकें वितरण के लिए भेजी जाएंगी।
प्रदेश सरकार के 18 मार्च को पूरे हो रहे तीन वर्ष के कार्यकाल पर शासन ने केंद्र सरकार से साथ अपने कार्यों को आमलोगों तक पहुंचाने के लिए विधानसभा क्षेत्रवार व जिलावार बुकलेट तैयार करवाने का निर्णय लिया है।
बुकलेट को 18 मार्च तक तैयार करने का निर्देश दिया गया है। 19 को मुख्यमंत्री की ओर से विमोचन के बाद उसका वितरण शुरू हो जाएगा। 23 मार्च तक अभियान के रूप में वितरण कार्य कराने का निर्णय शासन ने लिया है।
विधानसभा क्षेत्रवार बनाई जा रही बुकलेट में केंद्र व प्रदेश सरकार से संचालित योजनाओं के साथ विधानसभा क्षेत्रों में माननीयों के प्रस्ताव पर कराए गए कार्य शामिल किए गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक विधानसभा क्षेत्रवार बुकलेट में पूर्वांचल विकास निधि, सांसद निधि, विधायक निधि के साथ मुख्यमंत्री त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत कराए गए कार्य अतिरिक्त शामिल किए गए हैं।
जनपद स्तरीय बुकलेट में केंद्र व प्रदेश सरकार से कराए गए कार्यों की जिले भर की जानकारी रहेगी। इसके साथ ही प्रमुख विभिन्न विभागों की ओर से मुख्य योजनाओं के कराए गए कार्यों की जानकारी होगी।
शासन ने सरकार की योजनाओं व कार्यक्रमों के तहत विधानसभा क्षेत्रवार हुए कार्यों के प्रचार-प्रसार के लिए बुकलेट का निर्धारण कर दिया है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्रों के लिए करीब 15 हजार बुकलेट प्रकाशित होगी। इस बुकलेट का वितरण कराया जाएगा, जिससे आमलोगों को सरकार की ओर से कराए गए कार्यों की जानकारी मिल सके।