अलीगंज। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान सोमवार रात को कस्बे में बड़े-बड़े साउंड वाले डीजे के बीच तेज आवाज की होड़ लगी रही। तेज आवाज और वाइब्रेशन से लोग सहमे रहे। इसी दौरान डीजे के पीछे चल रहा 28 वर्षीय युवक अचानक बेहोश हो गया। उसे निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया।
विभिन्न पूजा समितियों ने विसर्जन के लिए आसपास के जिलों से बड़े-बड़े साउंड वाले डीजे मंगवाए थे। इनके बीच तेज आवाज को लेकर प्रतिस्पर्धा हुई। डीजे का शोर और वाइब्रेशन इतना तेज था कि लोग थरथराने लगे। इसी दौरान बंधुआकला थाना क्षेत्र के दाउदपुर निवासी सत्यम मौर्य बेहोश हो गया। घटना से वहां अफरातफरी मच गई। परिजनों ने उन्हें अलीगंज कस्बे के निजी क्लीनिक में भर्ती कराया। मंगलवार को इलाज के बाद वह घर लौट आए। बंधुआकला एसओ प्रमोद कुमार ने घटना से अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।