सुल्तानपुर। रेलवे स्टेशन के बाहर स्थित आवासीय भवनों को तोड़कर वहां पार्किंग स्थल बनाया जाएगा। इसके लिए रेलवे ने कवायद शुरू कर दी है। अफसरों ने बोर्ड को इसका प्रस्ताव बनाकर भेज दिया है। वाहन स्टैंड बनने से स्टेशन के बाहर बेतरतीब ढंग से खड़े होने वाले वाहनों से निजात मिल जाएगी और यात्रियाें को सहूलियत मिल सकेगी।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत सुल्तानपुर रेलवे स्टेशन का स्वरूप बदलने का कार्य शुरू हो गया है। इसमें कई विभागों के दफ्तरों को हटाकर दूसरे स्थान पर शिफ्ट करके परिसर को बेहतर बनाया जाएगा। स्टेशन पर उच्च गुणवत्ता वाली सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसमें स्टेशन पर प्रतीक्षालय, सर्कुलेटिंग एरिया का विस्तार, दो मंजिला भवन, नया फुट ओवरब्रिज, यात्रियों के लिए शेड, स्वचालित सीढ़ी आदि शामिल हैं। इसके अलावा रेलवे स्टेशन परिसर में नियोजित पार्किंग की व्यवस्था होगी।
विभाग की मानें तो रेलवे के कर्मचारियों के लिए आरपीएफ थाने के सामने बनाए गए आवासों को तोड़कर वहां पर पार्किंग स्थल बनाया जाएगा। साथ ही एक एप्रोच मार्ग बनेगा। आवासीय भवनों के पास पार्किंग बनने से स्टेशन का सामना (फ्रंट) खाली हो जाएगा, इससे स्टेशन की सुंदरता बढ़ने के साथ ही लोगों को आने-जाने में सुविधा मिलेगी। बेहतर प्रकाश व्यवस्था, उचित रूप से डिजाइन किए गए साइनेज, अवांछित संरचनाओं को हटाने, सड़कों को चौड़ा करने, पैदल मार्ग आदि बेहतर किया जाएगा।
स्टेशन अधीक्षक बीएस मीना ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत सुल्तानपुर रेलवे स्टेशन का अधिकारियों ने निरीक्षण किया था। परिसर में नए स्टेशन भवन का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। अब वाहन पार्किंग का स्थल बदला जाएगा। उसकी प्रक्रिया चल रही है।