सुल्तानपुर। जिले के छह केंद्रोें पर रविवार को हुई नीट में पंजीकृत 2,939 अभ्यर्थियों में से 2,840 परीक्षार्थियोें ने हिस्सा लिया। वहीं, 99 अभ्यर्थियों ने प्रवेश परीक्षा से किनारा कर लिया। दो एसडीएम के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों व अधिकारियों ने प्रवेश परीक्षा को सकुशल संपन्न कराया। इस दौरान सभी केंद्रों पर अभिभावकों की भी भीड़ नजर आई।
जिले में राष्ट्रीय योग्यता प्रवेश परीक्षा (नीट) दोपहर दो बजे से शुरू हुई। शहर के आसपास के छह विद्यालयों को सेंटर बनाया गया था। शहर के केएनआईसी लालडिग्गी, केएनआई फरीदीपुर, सनबीम स्कूल चीनी मिल, टाइनी टाट्स विद्यालय रतनपुर, गोपाल पब्लिक स्कूल ओमनगर और महर्षि विद्या मंदिर सेंटर पर कड़ी सुरक्षा के बीच परीक्षा शुरू की गई। परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वार पर परीक्षार्थियों के प्रवेशपत्र की जांच की गई।
परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए एसडीएम सदर व एसडीएम जयसिंहपुर को लगाया गया था। परीक्षा में छह उप निरीक्षकों, 12 सिपाहियों, 12 महिला सिपाहियोें की ड्यूटी लगाई गई थी। छह केंद्रों के लिए कुल पंंजीकृत 2,939 में से 2,840 परीक्षार्थियोें ने नीट की परीक्षा दी। 99 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
बायोलॉजी ने दी राहत, फिजिक्स ने किया परेशान
नीट में इस बार बायोलॉजी के प्रश्न परीक्षार्थियों को थोड़ा आसान लगे, लेकिन ज्यादातर ने फिजिक्स को कठिन बताया। परीक्षा देकर निकलीं श्रद्घा सिंह, मनीष दुबे, साहिल खान, साम्भवी मिश्रा ने बताया कि फिजिक्स के सवाल हल करने में उनका सबसे ज्यादा समय लग गया। इस वजह से उनके कुछ दूसरे सवाल छूट गए। उन्होंने बताया कि फिजिक्स के प्रश्न बहुत कठिन थे। वहीं विवेकनगर की रहने वाली शुचिश्री तिवारी ने बताया कि फिजिक्स थोड़ा कठिन था, लेकिन तैयारी बहुत अच्छी थी। मुझे नीट में अच्छे अंक मिलने की उम्मीद है। पलक मिश्रा, खुशी कशौधन, श्रुति श्रीवास्तव, मान्या, सचिन पटेल, नैन्सी पाल व उज्ज्वल श्रीवास्तव ने बताया कि उनका पेपर ठीक गया है। फिजिक्स के सवालों ने थोड़ा परेशान किया, लेकिन नीट की परीक्षा के किसी एक विषय में ऐसे कठिन सवाल आने की उम्मीद रहती है।