सुल्तानपुर। चार मंजिला विकास भवन में किसी भी तल पर पहुंचने में अब दिव्यांगों को परेशानी नहीं होगी। भवन में दिव्यांगों के लिए रैंप बनेगा। साथ ही पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। जल्द ही कार्यदायी संस्था काम शुरू करेगी।
विकास भवन में दिव्यांग कल्याण कार्यालय भूतल पर है, लेकिन अन्य तलों पर आने-जाने के लिए दिव्यांगों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। इसे देखते हुए केंद्र सरकार ने रैंप, पार्किंग बनाने व लिफ्ट लगाने के लिए 1.88 करोड़ रुपये स्वीकृत कर दिया है।
उप्र राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड को कार्यदायी संस्था नामित करते हुए जल्द कार्य शुरू करने के निर्देश दिए है। दिव्यांग कल्याण विभाग के मुताबिक, विकास भवन के अलावा कलेक्ट्रेट व दीवानी न्यायालय में दिव्यांगाें के आवागमन से संबंधित कार्य कराए जाएंगे।
जिला विकास अधिकारी गजेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि पार्किंग, रैंप व लिफ्ट के लिए स्थल का चयन कर लिया गया है। विकास भवन में पीछे की ओर से दिव्यांगों के लिए पार्किंग बनाई जाएगी। सीढ़ी के बगल लिफ्ट लगाई जाएगी और रैंप भी बनाया जाएगा। लिफ्ट में प्रत्येक कार्यालय का संकेत लगाया जाएगा, ताकि दिव्यांगों को संबंधित कार्यालय पहुंचने में आसानी हो।