सुल्तानपुर। नेहरू युवा केंद्र की ओर से पंत स्पोर्ट्स स्टेडियम में जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें वालीबॉल, दौड़, लंबी कूद समेत अन्य कई प्रतियोगिताएं हुईं। वालीबॉल में मोतिगरपुर की टीम को पराजित कर पंत स्टेडियम की टीम विजेता रही। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया।
पंत स्पोर्ट्स स्टेडियम में नेहरू युवा केंद्र की ओर से आयोजित जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में वालीबॉल का मैच पंत स्टेडियम व मोतिगरपुर की टीम के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में पंत स्टेडियम की टीम ने जीत हासिल की।
बालक वर्ग की 200 मीटर की दौड़ में मोतिगरपुर के नीरज यादव, 400 मीटर की दौड़ में रमाकांत यादव व 800 मीटर की दौड़ में दूबेपुर के आशीष कुमार पहले स्थान पर रहे। बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में दूबेपुर ब्लॉक की माधुरी को प्रथम स्थान मिला।
ओलंपिक संघ के सचिव वेद प्रकाश उपाध्याय ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का संचालन जिला युवा समन्वयक आराधना राज ने किया। लेखाकार दिनेश मणि ओझा ने आगंतुकों के प्रति आभार प्रकट किया।