दूबेेपुर (सुल्तानपुर)। शहर से सटे बहादुरपुर गांव के खेल मैदान में शनिवार को दो दिवसीय वालीबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। पहले दिन का फाइनल मैच पंत स्पोर्ट्स स्टेडियम व भुआपुर की टीम के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में पंत स्पोर्ट्स स्टेडियम की टीम ने मैच जीत लिया।
बहादुरपुर गांव के खेल मैदान में शनिवार को हाजी नसीर खान (नस्सर) व रिजवान सईद सुल्तानपुरी स्मारक दो दिवसीय वालीबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। पहला मैच ताज खानपुर व बहादुरपुर टीम के बीच खेला गया। इसमें बहादुरपुर की टीम विजेता रही। फाइनल मैच पंत स्पोर्ट्स स्टेडियम व भुआपुर टीम के बीच खेला गया। रोमांचक मुुकाबले में पंत स्पोर्ट्स स्टेडियम की टीम ने भुआपुर की टीम को पराजित किया।
जिला ओलंपिक संघ के सचिव वेद प्रकाश उपाध्याय ने बताया कि रविवार को गैर जनपद की टीमों के बीच प्रतियोगिता होगी। मैच का उद्घाटन समाजसेवी व पूर्व लोकसभा प्रत्याशी शकील अहमद ने किया। पूर्व सांसद मो. ताहिर खान ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। आयोजक मंडल के वदूद खान ने बताया कि रविवार की प्रतियोगिता में महिला व पुरुष वर्ग की टीमें प्रतिभाग करेंगी।